धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में प्रशासन ने भानपुर-दुलारा मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की है। सड़क और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया गया। यह अभियान तहसील प्रशासन की निगरानी में चलाया गया, जिससे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सका। इस कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मनियां थाना पुलिस के 40 से 50 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की सख्ती और पुलिस की सतर्क मौजूदगी के कारण पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी भी प्रकार के विरोध की कोई सूचना नहीं मिली। अतिक्रमणों पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई अभियान का नेतृत्व तहसीलदार मनियां जगबीर सिंह बेनीवाल ने किया। उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. के निर्देश पर जिलेभर में सार्वजनिक भूमि और सरकारी संपत्तियों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर आमजन की आवाजाही को सुगम बनाना और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि, सड़क और सरकारी संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। जहां भी अतिक्रमण की शिकायत मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से स्वयं आगे आकर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की अपील की। ऐसा नहीं करने पर प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा और आवश्यक होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।