धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र में एक सीएनजी पंप पर कर्मचारियों के साथ मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पंप संचालक ने इस संबंध में सैंपऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह घटना 9 मई की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। सुंदर पेट्रोलियम सेंटर सैंपऊ के प्रोपराइटर प्रशांत दीक्षित ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि यूपी नंबर की एक सफेद कार में सवार 5 लोग पंप पर पहुंचे थे। आरोप है कि इन युवकों ने सीएनजी मशीन का नोजल और पाइप जबरन खींच लिया। इसके बाद उन्होंने सेल्समैन धर्मेंद्र बघेल के साथ मारपीट शुरू कर दी। सेल्समैन के गले में नोजल और पाइप फंसाया रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने सेल्समैन के गले में नोजल व पाइप फंसाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में यह भी आरोप है कि एक कर्मचारी पर लोहे जैसी वस्तु से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। 2 हजार रुपए भी लूटे पंप संचालक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने बिक्री के करीब 2 हजार रुपए भी छीन लिए और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान सीएनजी मशीन को भी नुकसान पहुंचाया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।