धौलपुर पुलिस ने जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पार्वती बांध रोड कॉलोनी के पास की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत थाना आंगई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर दबिश दी गई। मौके से आरोपी आकाश पुत्र (22) भरोसी को गिरफ्तार किया गया। आकाश हीरापुर, थाना नादनपुर, जिला धौलपुर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के पास से जब्त अवैध हथियार के संबंध में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना आंगई प्रभारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य जवान भी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।