धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम के भरतपुर संभागीय मुख्य अभियंता विनय कुमार ने जिले के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान विद्युत आपूर्ति में सुधार, बिजली चोरी पर नियंत्रण और राजस्व वसूली बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में हुई रिकॉर्ड राजस्व वसूली के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की गई। मुख्य अभियंता ने नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से ही फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। छीजत को 15% तक लाने के निर्देश गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य अभियंता ने विद्युत छीजत को 15% तक लाने के लिए बिजली चोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से फीडरों पर ट्रिपिंग बढ़ती है, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को भी परेशानी होती है। इसके लिए दिन-रात विजिलेंस चेकिंग के आदेश दिए गए। जिले के विभिन्न उपखंडों में लंबित राजस्व राशि पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वसूली में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, 181/संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित निस्तारण और उनके सत्यापन पर भी जोर दिया गया। '20 नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जा रहे' इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा ने रिकॉर्ड राजस्व वसूली में जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विद्युत तंत्र को मजबूत करने के लिए 20 नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जा रहे हैं और कई स्थानों पर केबल बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। बैठक के बाद मुख्य अभियंता ने फील्ड का दौरा कर विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एक्सईएन गोविंद सिंह, माखन मीना, नवीन भंडारी, जेईएन नवनीत कटारा, अनुराग मित्तल, आरडी मीना, प्रवेंद्र सिंह, बीएस मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।