धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के कैलाशपुरा गांव में लगातार बारिश के बीच बुधवार देर रात एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय दूसरी मंजिल पर सो रहे एक ही परिवार के छह लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि पांच का इलाज जारी है। बारिश के बीच देर रात बड़ा हादसा हादसा गुरुवार देर रात मनियां थाना क्षेत्र के कैलाशपुरा गांव में हुआ। परिवार के सदस्य मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे, तभी दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। देखते ही देखते पूरा परिवार मलबे में दब गया। ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे परिवार के सभी छह सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। एक गंभीर, पांच घायलों का इलाज जारी ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज शुरू किया। इनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य पांच घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। बारिश से कमजोर हुआ था मकान प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण मकान कमजोर हो गया था। इसी वजह से उसके ढहने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।