धौलपुर पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी अपराधी को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने मिलकर की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरदास उर्फ अमृतदास के रूप में हुई है। वह दौसा जिले के रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र में एक साधु की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। अपराधी 9 जनवरी 2024 को धौलपुर जिला कारागृह से फरार हो गया था। फरारी के दौरान अमरदास ने अपना नाम और वेश बदल लिया था। वह गुजरात के राजकोट में एक कंपनी में काम कर रहा था। इससे पहले वह अपने गांव के आसपास के मंदिरों में साधु के वेश में भी छिपा रहा था। पुलिस टीम ने लगभग तीन महीने तक लगातार निगरानी रखी। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम राजकोट पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी और डीएसटी टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस उसके फरारी के दौरान की गतिविधियों की जांच कर रही है।