धौलपुर में बाड़ी उपखंड प्रशासन और कंचनपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार को कंचनपुर थाना क्षेत्र के बिलोनी गांव में 2 बाल विवाह रुकवाए। मौके पर कानूनी कार्रवाई करते हुए परिजनों को पाबंद किया गया है। साथ ही निगरानी के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात की गई है। तहसीलदार उत्तम बंसल ने बताया कि प्रशासन को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि बिलोनी गांव में एक व्यक्ति अपने नाबालिग पुत्रों की शादी कर रहा है। 30 अप्रैल को होने वाली शादी से पहले गांव में फलदान और दावत का कार्यक्रम चल रहा था। माता-पिता को किया पाबंद सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ टीम मौके पर पहुंची। नाबालिग लड़कों के माता-पिता से पूछताछ की गई, जिसमें आधार कार्ड रिकॉर्ड के अनुसार दोनों लड़के नाबालिग पाए गए। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर ही मौका पर्चा की कार्रवाई की। शादी को रुकवाकर माता-पिता को भविष्य में ऐसी शादी नहीं करने के लिए पाबंद किया गया। शादी से संबंधित सभी रस्मों को भी तत्काल रोक दिया गया। गिरदावर, पटवारी, पुलिस की टीम तैनात मौके पर गिरदावर, पटवारी और पुलिस की टीम निगरानी के लिए तैनात की गई है। तहसीलदार बंसल ने बताया कि वधू पक्ष बसेड़ी थाना क्षेत्र का है। संबंधित बसेड़ी थाना पुलिस और उपखंड प्रशासन को इसकी सूचना दे दी गई है और वधू पक्ष की छानबीन की जा रही है। बंसल ने यह भी बताया कि बिलोनी गांव में रोकी गई शादी में बड़े लड़के की शादी के नाम से कार्ड छपवाया गया था। पूरे मामले को लेकर उपखंड प्रशासन और पुलिस द्वारा संयुक्त जांच जारी है।