धौलपुर के बसेड़ी उपखंड के मूडिक गांव में सोमवार दोपहर एक शादी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई। इस हादसे में छह महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसा रामराज और देशराज के घर हुआ। उस समय घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था और कई महिलाएं खाना बनाने में व्यस्त थीं। गैस सिलेंडर से लीकेज होने के कारण अचानक आग भड़क उठी, जिसने रसोई क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। सभी घायलों का इलाज जारी गंभीर रूप से झुलसी महिलाओं की पहचान शारदा (60), मीना (52), विद्या देवी (62), मीरा (55), रामबेटी (65) और विनीता (50) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस टीमें मौके पर पहुंचीं। नादनपुर से डीके कुशवाहा और पायलट रामसाय मीना और बसेड़ी से गजेंद्र गुर्जर और पायलट हेमंत शर्मा की टीमों ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसेड़ी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर रूप से झुलसी 6 महिलाओं को जिला अस्पताल धौलपुर रेफर किया गया। उन्हें 108 एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अन्य झुलसी महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। प्रशासन ने घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।