धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के मुरावली गांव में गुरुवार को चारागाह भूमि को लेकर 2 गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी-डंडे चले और गोलीबारी भी हुई, जिसमें एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कई अन्य को चोटें आईं। जानकारी के अनुसार यह विवाद चारागाह भूमि से मिट्टी की खुदाई को लेकर शुरू हुआ था। झड़प के दौरान जीतू पुत्र भीकम सिंह को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भोला, सुनील, पिंटू और महेश सहित 4 अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ के चेहरे पर गंभीर घाव हैं। दोनों पक्षों के 6 लोग हुए घायल सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दूसरे पक्ष से रघुवीर पुत्र देवहंस और देवहंस पुत्र चरण सिंह भी घायल हुए हैं। घायल देवहंस ने बताया कि उन्होंने चरागाह भूमि से मिट्टी खोदने का विरोध किया था, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ और हिंसक झड़प में बदल गया। सूचना मिलते ही कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।