धौलपुर में पुलिस अब सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखेगी। जिले में 20 जुलाई से 20 अगस्त तक विशेष अभियान चलाकर आपत्तिजनक, भ्रामक और हथियारों के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। धौलपुर पुलिस 20 जुलाई से 20 अगस्त तक जिलेभर में विशेष अभियान चलाएगी। इस अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री के प्रसार पर रोक लगाना है। एसपीविकास सांगवान के निर्देशन और एएसपी वैभव शर्मा व एएसपी (एडीएफ) बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में यह अभियान चलाया जाएगा फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सऐप पर रहेगी नजर अभियान के दौरान पुलिस की सोशल मीडिया सेल और सभी थाना पुलिस टीमें फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और व्हाट्सऐप सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखेंगी। अफवाह फैलाने, सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, किसी व्यक्ति की छवि धूमिल करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट, वीडियो और संदेश साझा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विशेष रूप से हथियारों के साथ फोटो, वीडियो या रील पोस्ट कर अपराध का महिमामंडन करने, आमजन में भय का माहौल बनाने अथवा युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने वाले व्यक्तियों पर भी कड़ी नजर रखेगी। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसपी सांगवान ने युवाओं और आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या कानून विरोधी सामग्री साझा न करें। यदि ऐसी कोई पोस्ट, वीडियो या स्टोरी दिखाई दे तो उसकी सूचना पुलिस सोशल मीडिया सेल के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 87645 11201 पर या धौलपुर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स के डायरेक्ट मैसेज के माध्यम से दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।