धौलपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बसेड़ी थाना पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी से 5 किलो 656 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जबकि दूसरे आरोपी को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया। एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर बसेड़ी थाना प्रभारी बालकृष्ण के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। उसके पास रखे प्लास्टिक के कट्टे से 5 किलो 656 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसकी बाजार कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई जा रही है। ओडिशा से खरीदकर लाया था गांजा गिरफ्तार आरोपी आगरा निवासी 45 वर्षीय हरीश है। पुलिस ने हरीश के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा से खरीदकर ला रहा था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की बाइक के मामले में धौलपुर निवासी 25 वर्षीय विष्णु को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस विष्णु से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।