धौलपुर पुलिस ने पारिवारिक विवाद के कारण परिवार से अलग रह रहे एक बुजुर्ग को उनके परिजनों से मिलाकर सम्मानपूर्वक घर वापसी कराई। इस पहल के बाद बुजुर्ग ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। यह पहल सरमथुरा थाना पुलिस द्वारा की गई। थाना प्रभारी कैलाश समरी ने बताया कि ग्राम कोनेसा निवासी नथुआ राम मीना, जो 3 पुत्रों के पिता हैं, कुछ समय से पारिवारिक अनबन के कारण परिवार से अलग रह रहे थे। उन्होंने हाल ही में एसपी विकास सांगवान से मिलकर अपनी समस्या बताई थी। बुजुर्ग ने एसपी को बताई थी परेशानी एसपी के निर्देश पर सरमथुरा थाना पुलिस ने बुजुर्ग के पुत्रों और अन्य परिजनों को थाने बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने परिवार को बुजुर्गों के सम्मान, उनके अधिकारों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया, जिसके बाद आपसी संवाद से विवाद का समाधान हुआ। काउंसलिंग के बाद परिजनों ने पुलिस के समक्ष बुजुर्ग की देखभाल करने, उनका सम्मान बनाए रखने और भविष्य में किसी प्रकार की उपेक्षा नहीं करने का आश्वासन दिया। इसके बाद नथुआ राम मीना की सम्मानपूर्वक परिवार में वापसी कराई गई। नथुआ राम मीना ने धौलपुर पुलिस और पुलिस अधीक्षक का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की संवेदनशील पहल से उन्हें फिर से परिवार का स्नेह और सहारा मिला है।