धौलपुर शहर की राठौर कॉलोनी और आसपास के इलाकों में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे नाराज कॉलोनीवासियों ने विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली के तार और केबल टूटने की शिकायतें कई बार विभाग को दी गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि वे कई बार कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, फिर भी उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कॉलोनीवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि लाइनमैन शिकायतें सुनने के बजाय उन्हें टाल देते हैं। भीषण गर्मी में लोग हो रहे परेशान निवासियों ने बताया कि विद्युत कार्यालय पहुंचने पर भी उनकी समस्या का कोई हल नहीं निकला। लगातार 2 दिनों से बिजली नहीं होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी इसी बीच ग्रामीण क्षेत्र सैपऊ तहसील के तसीमो गांव में भी बिजली व्यवस्था खराब है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां प्रतिदिन लगभग 10 घंटे बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी में लंबे बिजली कट से छोटे बच्चे, बुजुर्ग और आमजन सबसे ज़्यादा परेशान हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।