धौलपुर में राजाखेड़ा थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र कुशवाहा की सड़क हादसे में मौत हो गया। वे जयपुर में हाईकोर्ट में जवाब प्रस्तुत करने के लिए राजाखेड़ा से धौलपुर होते हुए जयपुर जा रहे थे, तभी दिहौली थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र कुशवाहा पुत्र सीताराम कुशवाहा निवासी बसई नवाब थाना कौलारी बुधवार को अपनी बाइक से राजाखेड़ा थाने से धौलपुर के लिए निकले थे। दिहौली थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल मध्य प्रदेश के मरैना अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए धौलपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस विभाग में शोक की लहर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर परिजनों को सूचित दी। हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र कुशवाहा के निधन से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और सरल स्वभाव का अधिकारी बताया। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।