धौलपुर जिले में बढ़ते तापमान और लू की आशंका के मद्देनजर स्कूलों का समय बदला गया है। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. ने यह आदेश जारी किए है। इसके तहत कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जारी आदेश के अनुसार 25 अप्रैल से शैक्षणिक सत्र के अंत तक कक्षा 1 से 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगी। यह फैसला छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें तेज गर्मी और लू के प्रभाव से बचाया जा सके। कक्षा 9 से 12 तक में कोई बदलाव नहीं हालांकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों और स्कूल के समस्त स्टाफ के लिए समय सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उनका समय पूर्ववत ही रहेगा। जिला प्रशासन ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी संबंधित शिक्षा अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने वाले किसी भी सरकारी या निजी स्कूल के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि होने तथा लू चलने की संभावना जताई है।