धौलपुर जिले में प्रस्तावित रेलवे लाइन के आमान परिवर्तन कार्य को लेकर लगभग 24 गांवों के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि इस कार्य के कारण उनके गांवों के मुख्य आवागमन मार्ग पूरी तरह बंद हो सकते हैं, जिससे उनका दैनिक जीवन और आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित होगा। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि छीतर खां का पुरा, बुद्दी का पुरा, भूरा का पुरा, सानसाय का पुरा, रानपुर, गजपुरा, खिराना, गढ़ी खिराना, कुशवाह, वरपुरा, भारे का पुरा, मूसरपुर, दादोर, टोटरी, कल्ला का पुरा, झंडे का पुरा, भीमगढ़, जाटव गढ़ी, दुल्ली का पुरा, कुंजी का नगला, मठ कच्चा, मठ पक्का, सिंगोरई, नारायण सिंह का पुरा और करमपुरा सहित कई गांव इस स्थिति से प्रभावित होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि आमान परिवर्तन कार्य के दौरान रेलवे लाइन के दोनों ओर रास्ते बंद होने की संभावना है, जिससे गांवों तक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। वर्तमान में किसी भी प्रकार के वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों में असंतोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे कार्य शुरू होने से पहले ही प्रभावित गांवों के लिए वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा के कार्यों में गंभीर बाधाएं उत्पन्न होंगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर स्थाई समाधान की मांग की है।