धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र के लुधपुरा गांव में एक शादी समारोह के दौरान दुल्हन के चढ़ावे के लिए रखे 16 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग चोरी हो गया। यह घटना जनमासे में हुई, जिससे बाराती और घरातियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है, हालांकि देर रात तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। जानकारी के अनुसार लुधपुरा गांव निवासी श्रीकृष्ण लोधा की 2 बेटियों की शादी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर थी। भैंसेना गांव से रवि पुत्र दीनदयाल और कृष्णा पुत्र रामकिशन की बारात आई थी। बारात का स्वागत करने के बाद अधिकांश बाराती लौट गए थे, जबकि दूल्हों के परिजन गांव के हनुमान मंदिर के पास बने जनमासे में ठहरे हुए थे। शादी का सारा सामान भी यहीं रखा था। दूल्हे ​के पिता का झपकी लगी, बैग हुआ पार बताया जा रहा है कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दूल्हों के पिता रामकिशन गहनों से भरा बैग अपने सिर के नीचे रखकर सो गए थे। इसी दौरान नींद की झपकी लगते ही चोर बैग लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब रामकिशन की नींद खुली और उन्होंने बैग गायब देखा, तो उन्होंने शोर मचाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे घटना की सूचना मिलते ही वर-वधू पक्ष के लोगों ने चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। 16 लाख से गहनों से भरा था बैग पीड़ित रामकिशन ने पुलिस को बताया कि चोरी हुए बैग में सोने का बिंदा, बेसर, सीतारानी, एक चेन, गले का कॉलर, चार चूड़ियां और चार अंगूठियां शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, चांदी की दो पायजेब और एक करधनी भी थी। उन्होंने बताया कि ये गहने चढ़ावे के लिए रिश्तेदारों और परिचितों से मांगकर लाए गए थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपए है। घटना के दौरान मंदिर के पास बाइक खड़ी कर खड़े 2 संदिग्ध युवकों पर चोरी का शक जताया जा रहा है। बताया गया कि घटना के तुरंत बाद दोनों युवक वहां से गायब हो गए थे।