धौलपुर में एक युवक से बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। वायरल वीडियो में चार-पांच लड़के एक युवक को जबरन कार से नीचे उतारकर लाठी, डंडे और सरियों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम बताई जा रही है। यह घटना 8 अप्रैल की है। पीड़ित युवक रवि त्यागी, निवासी मालोनी खुर्द, थाना कौलारी ने सदर थाने में इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि 8 अप्रैल को सुबह करीब 4:30 बजे वह अपने दोस्त हरेंद्र के साथ रेडीमेड का सामान लेने दिल्ली जा रहा था। ओड़ेला चौराहा, धौलपुर पर उनकी कार को 8-10 लड़कों ने रोक लिया। इन लड़कों के पास लोहे के सरिया, डंडे, कट्टा और पिस्टल थे। कार में भी की तोड़फोड़, 3.5 लाख लूटे आरोपियों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और रवि के पास मौजूद एक छोटे बैग से 3 लाख 50 हजार रुपये छीन लिए। उन्होंने रवि का मोबाइल तोड़ दिया और जानलेवा हमला किया, जिससे उसके पूरे शरीर पर चोटें आईं। रवि के अनुसार, हमलावर उसे जान से मार देते, लेकिन तभी एक अन्य गाड़ी के आने पर वे मौके से भाग गए। पीड़ित ने रिपोर्ट में यह भी बताया है कि इन लोगों ने पहले भी उसके साथ वारदात की थी, जिसका मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। एसपी विकास सांगवान ने बताया कि घटना के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और शेष की तलाश जारी है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।