धौलपुर जिले के बसेड़ी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा सड़क पर अचानक आए गोवंश के झुंड को बचाने के प्रयास में कार के अनियंत्रित होकर पलटने और दीवार से टकराने के कारण हुआ। पिपरौन निवासी योगेश पाराशर (30) अपनी कार से बसेड़ी से घर लौट रहे थे। जौरा का पुरा गांव के पास जौरापुरा मोड़ पर उनकी कार के सामने अचानक गोवंश का झुंड आ गया। गोवंश को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। हादसे में योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसेड़ी ले जाने लगे। हालांकि रास्ते में ही योगेश ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता ने दी रिपोर्ट घटना की जानकारी मिलते ही बसेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता माताप्रसाद शर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बसेड़ी थाना अधिकारी बालकृष्ण चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा सड़क पर अचानक आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में कार के अनियंत्रित होने के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।