धौलपुर जिले के बसई डांग थाना क्षेत्र के रजई खुर्द गांव में सोमवार देर रात एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक खेत की रखवाली कर रहा था, तभी वह टूटकर गिरी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान रजई खुर्द निवासी 45 वर्षीय राम लखन पुत्र विशंभर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में राम लखन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, राम लखन रात में अपने खेत की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान वह शौच के लिए खेत से बाहर निकला। रास्ते में पहले से टूटकर गिरी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से उसे करंट लग गया। करंट लगने से उसके शरीर में आग लग गई। ग्रामीणों ने युवक के शरीर को जलता हुआ देखा, जिसके बाद उन्हें करंट लगने की जानकारी मिली और तत्काल परिजनों को सूचित किया गया। घटना की सूचना मिलने पर वन विहार चौकी प्रभारी जयदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।