डीडवाना-कुचामन जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम कसते हुए एक गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गैंग ऑनलाइन गेमिंग, साइबर फ्रॉड और क्रिकेट सट्टा बुकी के जरिए लोगों से लाखों रुपए की ठगी कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इनसे बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं। 15 मोबाइल, 2 लैपटॉप समेत बाइक भी जब्त आरोपियों के कब्जे से 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार्जर सहित 2 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 7 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक, 4 सिम कार्ड, एक हिसाब-किताब की डायरी और एक बाइक सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल और लैपटॉप के जरिए लोगों को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे का लालच देकर फंसाते थे। इसके बाद वे विभिन्न राज्यों से फर्जी तरीके से बैंक खाते और सिम कार्ड प्राप्त कर ठगी की रकम का लेन-देन करते थे। पुलिस ने सरहद मंडूकड़ा क्षेत्र में दबिश देकर इन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रमेश बिरडा (23), मनोज ढाका (20) और गणेश खोड (30) है। ये सभी कुचेटिया, थाना खुनखुना के निवासी हैं।