डीडवाना-कुचामन जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि यह टीका अब जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है। कलेक्टर ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान मुख्य रूप से 9 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए है। पहले इस वैक्सीन की कई खुराकें दी जाती थीं, लेकिन अब यह 'सिंगल शॉट' के रूप में उपलब्ध है। यह भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में प्रभावी साबित हो रहा है। 'सभी अस्पतालों में उपलब्ध है एचपीवी टीका' कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित, डॉक्टरों द्वारा प्रमाणित और क्लिनिकली टेस्टेड है। अभिभावक अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए नजदीकी जिला अस्पताल, उप-जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर जाकर टीकाकरण करवा सकते हैं। कलेक्टर मीणा ने एक संदेश के माध्यम से आमजन से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैल रही भ्रामक जानकारी से सावधान रहें। उन्होंने केवल आधिकारिक और चिकित्सकीय सलाह पर भरोसा करने को कहा। कलेक्टर ने जोर दिया, "आज की छोटी सी सावधानी, कल की बड़ी सुरक्षा है।" सरकार द्वारा शुरू किया गया यह अभियान बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण और उन्हें कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।