डीडवाना-कुचामन जिले में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के अनुसार, कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगे। हालांकि विद्यालय स्टाफ का समय विभागीय नियमानुसार पूर्ववत ही रहेगा। आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई कलेक्टर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि इन आदेशों का पालन जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह कदम भीषण गर्मी के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से उठाया गया है।