डीडवाना-कुचामन जिले में ग्राम पंचायत सानियां में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने और ग्रामीणों को त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन हुआ। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, साथ ही राजस्व एवं विकास से जुड़े कई मामलों का निस्तारण भी किया गया। उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी के नेतृत्व में संचालित इस शिविर में राजस्व विभाग, पंचायत राज और महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर तहसीलदार छोटी खाटू नृसिंह चारण, नायब तहसीलदार विक्रम सिंह, भू-अभिलेख निरीक्षक अर्जुनराम गहलोत, पटवारी हुक्माराम थालोड़, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सेवा शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।