डीडवाना जिले के बेड़वा गांव में बढ़ती गर्मी और नहरबंदी के बीच जल संकट को देखते हुए जलदाय विभाग (नहरी परियोजना) ने सख्त कदम उठाया है। विभागीय टीम ने औचक निरीक्षण कर 8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें 6 व्यक्तियों के यहां अवैध जल कनेक्शन पाए गए, जबकि 2 लोग पेयजल का दुरुपयोग करते हुए पकड़े गए। सभी को पेनल्टी नोटिस जारी किए गए हैं। सहायक अभियंता के नेतृत्व में हुई जांच जलदाय विभाग की यह कार्रवाई सहायक अभियंता राजपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में की गई। विभागीय टीम ने बेड़वा गांव में अचानक पहुंचकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर नियमों की अनदेखी सामने आई। 6 अवैध कनेक्शन, 2 लोग पानी बर्बाद करते पकड़े गए निरीक्षण के दौरान 6 व्यक्तियों के बाड़ों में अवैध जल कनेक्शन पाए गए। इसके अलावा 2 अन्य व्यक्ति पेयजल का गलत उपयोग करते मिले। विभाग ने इसे गंभीर मानते हुए तत्काल सभी 8 लोगों को पेनल्टी नोटिस थमा दिए। गर्मी और जल संकट के चलते विभाग सख्त नहरी परियोजना के अधिशाषी अभियंता अजीत सिंह ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु और नहरबंदी के कारण पानी की उपलब्धता सीमित है। ऐसे समय में अवैध कनेक्शन और पानी की बर्बादी से आम लोगों को परेशानी होती है। इसी वजह से विभाग पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रहा है। बूस्टर और चोरी करने वालों को चेतावनी अधिशाषी अभियंता ने साफ कहा कि भविष्य में भी अवैध कनेक्शन लेने, बूस्टर लगाकर पानी खींचने या पेयजल का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से सहयोग की अपील विभाग ने आमजन से अपील की है कि जल संकट के समय पानी का दुरुपयोग न करें और विभाग का सहयोग करें, ताकि सीमित संसाधनों के बावजूद गांव के हर व्यक्ति तक समान रूप से पेयजल पहुंचाया जा सके।