डीडवाना जिले के छोटी खाटू क्षेत्र में कृषि कार्य के दौरान एक महिला की खेजड़ी के पेड़ से गिरने के कारण मौत हो गई। यह घटना खेत में काम करते समय हुई। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान छोटी खाटू निवासी शारदा देवी (40) पत्नी हुकमाराम के रूप में हुई है। शारदा देवी अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थीं। इसी दौरान खेजड़ी के पेड़ पर काम करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन तुरंत उन्हें गवर्नमेंट बांगड़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शारदा देवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर खुनखुना थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।