डीग पुलिस ने जिले में साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन एंटी-वायरस' अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीकरी और पहाड़ी थाना क्षेत्रों से 7 साइबर अपराधियों को पकड़ा है, जिनमें 5 को गिरफ्तार किया है और 2 बाल अपचारी डिटेन किए हैं। पुलिस ने इन आरोपियों के ठिकानों पर अचानक छापेमारी कर ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। इनमें 12 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, जिनमें ठगी से संबंधित कई एप्लिकेशन और डेटा मौजूद थे, और 14 सक्रिय सिम कार्ड शामिल हैं, जो फर्जी आईडी पर लिए गए थे। ​ठिकानों पर की छापेमारी पुलिस की विशेष टीमों ने सीकरी और पहाड़ी थाना क्षेत्रों के उन इलाकों में दबिश दी, जहां ये ठग सक्रिय थे। ये अपराधी ओएलएक्स (OLX), सेक्सटॉर्शन और फर्जी कस्टमर केयर बनकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे। इस कार्रवाई से मेवात इलाके के साइबर अपराधियों में हलचल है। एसपी शरण कांबले ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह दी गई है।