डीग जिले के खोह थाना क्षेत्र के पासोपा गांव में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि हथियारों से लैस लोगों ने उनके घर में घुसकर हमला किया, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने खोह थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित विजेंद्र पुत्र जाती गुर्जर, निवासी पासोपा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग लाठी, फरसा, डंडे और अन्य धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। विजेंद्र के अनुसार हमले में भगवती, रामसखी, विक्रम, नीरज और मोती सहित परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की और जान से मारने की नीयत से सिर, हाथ और पैरों पर वार किए, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि हमलावरों ने घर के बाहर और रास्ते में तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद वे पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष खोह थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। खोह थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।