डीग पुलिस ने तंत्र-मंत्र के नाम पर पैसा दोगुना करने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कामां थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से ठगी गई पूरी 4 लाख 35 हजार रुपए की राशि बरामद की है। एसपी शरण कांबले ने बताया कि इस गिरोह ने अजमेर निवासी राजेंद्र सिंह सोलंकी को अपना शिकार बनाया था। आरोपियों ने राजेंद्र को फोन कर खेडली जल्लो क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां उन्होंने पहले से ही एक सुनियोजित नाटक तैयार कर रखा था। एसपी के अनुसार एक छोटे कद का व्यक्ति तांत्रिक बनकर बैठा था। उसने मंत्र-तंत्र का ढोंग रचा और कंबल से नोट बरसाने का पाखंड किया, जिससे पीड़ित को विश्वास हो जाए कि पैसा दोगुना हो रहा है। 10 साल से लोगों को बना रहे थे शिकार जैसे ही पीड़ित राजेंद्र ने 4 लाख 35 हजार रुपए आरोपियों को सौंपे, तांत्रिक ने अचानक 'मौत' का नाटक करना शुरू कर दिया। गिरोह के अन्य सदस्यों ने वहां भय का माहौल बनाया और पीड़ित को पुलिस केस और मौत के डर से मौके से भागने पर मजबूर कर दिया। इस गिरोह का मुख्य सरगना पिछले 10 सालों से इसी तरह लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य साथियों और पूर्व में किए गए अपराधों का पता लगाया जा सके।