नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश में महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। भाजपा की सिरोही जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने इसे भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक समावेशी एवं सशक्त बनाने वाला बताया। भंडारी ने कहा कि यह अधिनियम न केवल महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि समाज में लैंगिक समानता को भी बढ़ावा देगा। यह कानून देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों को उड़ान देने का माध्यम है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे आने का अवसर मिलेगा। यह अधिनियम देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में महिलाओं की भूमिका को और अधिक मजबूत करेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इस मौके पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, जिला उपाध्यक्ष हेमलता पुरोहित, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष दक्षा देवड़ा, कार्यालय मंत्री बाबूसिंह माकरोडा, मंजुला चारण सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।