कोटा की बेटी दिव्यांशी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। एशियन गेम्स 2026 के लिए चयनित राजस्थान की पहली वुशु खिलाड़ी दिव्यांशी ने चीन के हुबेई प्रांत में 23 से 29 जून तक आयोजित शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन (SCO) अंतरराष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। दिव्यांशी के कोच और कोटा वुशु एसोसिएशन के महासचिव अशोक गौतम ने बताया- महाबली स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी दिव्यांशी ने सेमीफाइनल में मकाऊ की खिलाड़ी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में उनका सामना ईरान की खिलाड़ी से हुआ। बेहद रोमांचक मुकाबले में दिव्यांशी ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन मामूली अंतर से हारकर उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। एशियन गेम्स से पहले बड़ी उपलब्धि गौतम ने बताया- यह उपलब्धि एशियन गेम्स से पहले भारतीय टीम के लिए बड़ा आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है। वहीं, भारतीय टीम के कोच और अंतरराष्ट्रीय निर्णायक राजेश कुमार टेलर ने भी दिव्यांशी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दिव्यांशी की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। माता शशि प्रभा और पिता सुनील कुमार सुंडा ने बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए राजस्थान वुशु संघ और सभी प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया। राजस्थान वुशु संघ के अध्यक्ष हीरानंद कटारिया, कोटा वुशु संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने दिव्यांशी को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का तिरंगा विश्व मंच पर शान से लहराएंगी।