डीग के मास्टर आदित्येन्द्र जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा के दौरान एक डमी परीक्षार्थी पकड़ा गया। महाविद्यालय प्रशासन ने आरोपी युवक को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि स्वयं-पाठी विद्यार्थियों की कौशल विकास अभिवर्धन परीक्षा चल रही थी। गांव पास्ता निवासी कल्याण पुत्र हीरा सिंह जाट के स्थान पर उसका भाई कपिल पुत्र हीरा सिंह जाट परीक्षा देने पहुंचा। कल्याण की जगह अपने हस्ताक्षर कर दिए जांच के दौरान आरोपी कपिल ने ओएमआर शीट पर कल्याण के नाम से हस्ताक्षर किए, जबकि उपस्थिति पत्रक में अपने नाम कपिल के हस्ताक्षर कर दिए। अलग-अलग हस्ताक्षर मिलने पर महाविद्यालय के आंतरिक उड़ान दस्ते को संदेह हुआ। टीम ने ओएमआर शीट और उपस्थिति पत्रक का मिलान किया, जिसमें गड़बड़ी सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने भाई की जगह परीक्षा देने आया था। इसके बाद महाविद्यालय प्रशासन ने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने कल्याण के आधार कार्ड में फोटो एडिट कर अपना फोटो लगाकर प्रवेश लिया था।