डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में बांसवाड़ा-डूंगरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 927A पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। महाराणा प्रताप स्कूल के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पार कर रही तीन भैंसों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। भैंसें खेत की ओर जा रही थीं, तभी तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पशुओं को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मृत पशु सड़क के बीचों-बीच पड़े होने के कारण हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही सागवाड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृत भैंसों को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात पुनः सुचारू हो सका। पीड़ित पशुपालक नरेश ननोमा निवासी लक्ष्मणपुर ने बताया कि उनकी भैंसें रोज की तरह चरने के लिए खेत की ओर जा रही थीं। इस अचानक हुए हादसे से उनके परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। सागवाड़ा पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की तलाश कर रही है।