डूंगरपुर शहर के नवाडेरा में दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई और एक दोस्त घायल हो गए। तीनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान ललित की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। कैसे हुआ हादसा कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, आसेला निवासी दिनेश रोत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा ललित, चचेरा भाई अरविंद और दोस्त आशीष बाइक से माड़ा गामड़ी से आसेला गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डूंगरपुर शहर के नवाडेरा में पीछे से तेज रफ्तार से आई एक बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान युवक की मौत हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान ललित ने दम तोड़ दिया, जबकि अरविंद और आशीष का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और टक्कर मारने वाली बाइक की जांच शुरू कर दी है।