शहर के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक पर दो बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक की बाइक को ओवरटेक कर पीछे से उसकी पीठ पर वार किया, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परीक्षा की किताबें लेने घर जा रहा था युवक घायल युवक की पहचान छेला खेरवाड़ा निवासी बंशीलाल पुत्र कालूराम हड़ात के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बंशीलाल डूंगरपुर शहर में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करता है। वह परीक्षा की किताबें लेने अपने घर जा रहा था। ओवरटेक कर पीछे से किया हमला घटना सदर थाना क्षेत्र के दो नदी मोड़ पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दड़ोडिया की ओर से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने पहले बंशीलाल की बाइक को ओवरटेक किया और फिर चलते वाहन पर ही पीछे से धारदार हथियार से उसकी पीठ पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से बंशीलाल संतुलन खो बैठा और बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला और तुरंत एक निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, पीड़ित पक्ष की ओर से सदर थाना में अभी तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस दिनदहाड़े हुए इस हमले ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमला पुरानी रंजिश का नतीजा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।