डूंगरपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के बलवाड़ा फाटक के पास एक बाइक और स्कूटी की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार एक महिला कॉन्स्टेबल सहित बाइक पर सवार 2 युवक घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। रामसागड़ा थाने में कार्यरत महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी पत्नी अमृतलाल भगोरा, निवासी खेरवाड़ा अपनी स्कूटी से सरकारी काम के सिलसिले में डूंगरपुर जा रही थीं। बलवाड़ा फाटक के पास उनकी स्कूटी को एक बाइक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कॉन्स्टेबल मीनाक्षी घायल हो गईं। बाइक पर सवार गलंदर निवासी प्रकाश डामोर और उनके चचेरे भाई बंसीलाल डामोर को भी चोटें आईं। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवकों को जिला अस्पताल ले जाया गया। महिला कॉन्स्टेबल मीनाक्षी को एक सरकारी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में महिला कॉन्स्टेबल और दोनों युवकों का इलाज चल रहा है।