डूंगरपुर जिला प्रशासन ने आगामी जनगणना के पहले चरण की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में जनगणना का पहला चरण 16 मई से शुरू होकर 14 जून तक चलेगा। इस बार की जनगणना डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिस पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला कलेक्टर देशलदान ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की। कलेक्टर देशलदान ने बताया कि पहले चरण में मकानों का सूचिकरण, उनकी स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाएं और परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे। यह प्रक्रिया 16 मई से शुरू होकर 14 जून तक चलेगी। जनगणना के लिए जिले को 2,671 ब्लॉक में विभाजित किया गया है। इस कार्य के लिए 3,409 कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। देश में पहली बार जनगणना डिजिटल तरीके से हो रही है। इसके तहत 1 से 15 मई तक 'स्वगणना' का विकल्प दिया गया है। नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं भर सकेंगे, जिसका सत्यापन बाद में प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे। यह प्रक्रिया व्यस्त परिवारों को अपनी सुविधा अनुसार जानकारी दर्ज करने में मदद करेगी और प्रगणकों का समय भी बचाएगी। प्रगणकों द्वारा पोर्टल पर दर्ज की गई जानकारी को सुपरवाइजर सत्यापित करेंगे, जिससे जनगणना प्रक्रिया सटीक और पारदर्शी बन सके। कलेक्टर देशलदान ने जिलेवासियों से जनगणना कार्मिकों का सहयोग करने और सही जानकारी दर्ज करवाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के लिए आने वाले कार्मिक को किसी भी तरह का दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या ओटीपी देने की आवश्यकता नहीं है।