डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवक का शव महुए के पेड़ से लटका हुआ मिला है। छात्र 5 जुलाई से अपने नाना के घर से लापता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई गजराज सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान वीरवाड़ा गांव निवासी राहुल कटारा (18) के रूप में हुई है। राहुल अपने छोटे भाई विश्वास के साथ झोंथरी फला कंथार में अपने नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और कॉलेज में दाखिला भी ले चुका था। घर से 500 मीटर पेड़ से लटका मिला शव राहुल 5 जुलाई की शाम को अचानक अपने नाना के घर से चला गया था। वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह राहुल का छोटा भाई विश्वास घर से करीब 500 मीटर दूर महुए के पेड़ पर राहुल का शव लटका हुआ देखकर चौंक गया। उसने तुरंत परिवार और आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौरासी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर अस्पताल के मुर्दाघर पहुंचाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।