डूंगरपुर जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने NH-48 पर 50 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी है। इस मामले में 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रतनपुर चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रोका। ट्रक में प्लाईवुड की आड़ में शराब की तस्करी की जा रही थी। तलाशी के दौरान प्लाईवुड और लोहे के एंगल के बीच बने एक गुप्त चैम्बर से हरियाणा निर्मित शराब के 520 कार्टन बरामद किए गए। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से ट्रक ड्राइवर जोगासिंह, निवासी यमुनानगर, हरियाणा और उसके साथी सतीश कुमार, निवासी रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।