डूंगरपुर जिले के सादर थाना क्षेत्र में खेड़ा बस स्टैंड के पास में बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी और बेटे सहित कुल 4 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को डूंगरपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल पति और बेटे को उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार भाटपुर निवासी गटू कटारा अपने बेटे सोहन और पत्नी ललिता के साथ डूंगरपुर से अपने दामड़ी स्थित दूसरे घर जा रहे थे। वहीं, पालोदा निवासी दिनेश मालीवाड अपनी बाइक पर अपने घर से अहमदाबाद की ओर जा रहे थे। तभी खेड़ा बस स्टैंड के निकट दोनों बाइकों के बीच टक्कर हो गई। पिता-बेटे को किया रेफर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी चारों घायलों को तुरंत डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गट्टू और सोहन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पालोदा निवासी दिनेश का उपचार फिलहाल जिला अस्पताल में ही चल रहा है।