डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना क्षेत्र के माडा गांव में एक महिला कॉन्स्टेबल और उसके मामा पर हमला हुआ है। बदमाशों ने उन पर लाठियों और अन्य हथियारों से हमला किया, दो सोने की चेन और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। यह घटना सरेराह हुई। जानकारी के अनुसार माडा निवासी केसरीमल लबाना अपनी भांजी मोनिका (कालिका पेट्रोलिंग में कॉन्स्टेबल) के साथ बाइक पर अपने पुराने मकान से नए मकान की ओर जा रहे थे। वे अपने घर से लगभग 100 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि गांव के 7-8 हथियारबंद बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने केसरीमल को घेरकर लाठियों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। जब मोनिका अपने मामा को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आईं, तो बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की। बदमाशों ने मोनिका को जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण करने का भी प्रयास किया। हमलावरों ने केसरीमल के गले से दो तोले सोने की चेन और उनका मोबाइल फोन लूट लिया। ग्रामीणों को शोर सुनकर आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर रामसागड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों घायल केसरीमल और मोनिका का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मोनिका के गले में पहनी डेढ़ तोले की सोने की चेन और आधा तोले का पेंडल छीन लिया। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी इन बदमाशों ने पीड़ित की भांजी मोनिका के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसके संबंध में पूर्व में भी रामसागड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। चीख-पुकार और हल्ला होने पर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे, तो बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से रफूचक्कर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रामसागड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मारपीट हुई, दोनों पक्षों में पुराना विवाद रामसागड़ा थानाधिकारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है, लेकिन लूटपाट जैसी किसी भी तरह की घटना नहीं हुई है। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। इस वजह से पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच झगड़ा चल रहा है। इसी बात को लेकर मारपीट हुई।