डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के करोली गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चोरों ने सेंधमारी की है। चोरों ने स्कूल के कमरे का ताला तोड़कर पंखे और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। स्कूल प्रशासन ने बिछीवाड़ा थाना पुलिस को इसकी रिपोर्ट दी है, और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। करोली पंचायत के प्रशासक बाल शंकर मनात ने बताया कि चोरी की यह वारदात शुक्रवार रात को हुई। शनिवार सुबह जब स्कूल स्टाफ विद्यालय पहुंचा, तो कक्षा कक्ष का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर कक्षा कक्ष में लगे 4 पंखे, एक ट्यूबलाइट और एक घड़ी चुरा ले गए। 500 लीटर पानी की टंकी भी हुई थी चोरी मनात ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले ही विद्यालय के 'पिंक टॉयलेट' के बाहर रखी 500 लीटर की पानी की टंकी भी चोरी हो गई थी। विद्यालय में लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं से शैक्षणिक सामग्री और संसाधनों का नुकसान हो रहा है। बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।