डूंगरपुर में जिला परिवहन विभाग ने मंगलवार को स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई स्कूल बसों और अन्य वाहनों में गंभीर कमियां पाई गईं, जिसके बाद विभाग ने 11 वाहनों के चालान काटे और नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। जांच के दौरान कई गाड़ियां बिना फिटनेस के चल रही थीं। एक निजी जीप में स्कूली बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था, जिसके पास स्कूल वाहन का कोई परमिट नहीं था। इसके अलावा, कुछ बसों में क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठाए गए थे, और कई चालकों-परिचालकों ने वर्दी नहीं पहनी थी। 2 बसों में परिचालक नहीं मिले परिवहन निरीक्षक सुरेंद्र सिंह चौहान के साथ टीम ने शहर के सदर थाना चौराहा और महाराणा प्रताप सर्किल सहित कई स्थानों पर जांच की। इस दौरान 2 बसों में परिचालक नहीं मिले, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे। वैन और ऑटो जैसे अन्य वाहनों में भी बच्चों को ले जाया जा रहा था, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जिला परिवहन अधिकारी मनीष माथुर ने बताया कि स्कूली वाहनों की सुरक्षा और फिटनेस सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी वाहन चालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।