डूंगरपुर में श्रीगौड़ ब्राह्मण समाज बारा चौखला के 96 वरिष्ठ तीर्थयात्रियों का दल रविवार को 2 बसों से तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ। यह दल 8 दिनों तक हरिद्वार, काशी और अयोध्या सहित कई प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करेगा। यात्रा शुरू करने से पहले, सभी तीर्थयात्रियों ने शहर के नया महादेव मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की। समाज के सदस्यों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं। ढोल-धमाकों और 'हर हर महादेव' और 'भगवान परशुरामजी' के जयकारों के साथ तीर्थयात्रियों को रवाना किया गया। वरिष्ठों को तीर्थ दर्शन कराना है उद्देश्य इस यात्रा में समाज अध्यक्ष रामेश्वर त्रिवेदी, संरक्षक रामेश्वर पंड्या, सचिव ललित भट्ट, कोषाध्यक्ष हीरालाल गामोठ, युवा उपाध्यक्ष अरविंद गामोठ सहित बारा चौखला के विभिन्न गांव प्रमुख और सभी 96 महिला-पुरुष तीर्थयात्री शामिल हैं। समाज अध्यक्ष रामेश्वर त्रिवेदी ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज के वरिष्ठजनों को तीर्थ दर्शन कराना और समाज में एकजुटता बनाए रखना है। तीर्थयात्री पहले दिन तीर्थराज पुष्कर पहुंचेंगे। इसके बाद वे खाटूश्यामजी, हरिद्वार, ऋषिकेश, अयोध्या, काशी और सांवरिया सेठ के दर्शन करते हुए वापस डूंगरपुर लौटेंगे। यात्रा के दौरान यात्रियों के भोजन और ठहरने की सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।