डूंगरपुर जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसके खिलाफ 4 राज्यों में 60 से ज्यादा चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस कार्रवाई में उसके साथी को भी पकड़ा गया है, जिसके खिलाफ उदयपुर जिले के विभिन्न थानों में 12 केस दर्ज हैं। शहर के हाउसिंग बोर्ड में 4 महीने पहले चोरी की वारदात में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि 24 दिसम्बर 2025 को हाउसिंग बोर्ड में तुलसी गौड़ के सूने घर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर घर से 50 हजार कैश, 2 तोले की सोने की चेन ओर 25 तोला चांदी के जेवर चुराकर ले गए। हिस्ट्रीशीटर की 60 मामलों में थी तलाश मामले में पुलिस ने छानबीन करते हुए 4 राज्यों में चोरी की 60 चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी जिम्मी उर्फ दीपक निवासी नंदुरबार महाराष्ट्र हाल सूरत गुजरात को दबोचा है। उसके खिलाफ राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा के अलग-अलग पुलिस थानों में करीब 60 मुकदमे दर्ज हैं। वह एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और अंतरराज्यीय स्तर पर चोरी की वारदातों में लिप्त है। साथी पर है 12 केस दर्ज वहीं उसके साथी रिजवान उर्फ रिज्जू निवासी कृष्णा कॉलोनी सविना उदयपुर के खिलाफ उदयपुर जिले के अलग-अलग थानों में 12 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पुलिस ने उनके साथ चंदू कुमार सोनी निवासी कृष्णा कॉलोनी सविना उदयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी जिम्मी उर्फ दीपक और रिजवान दोनों शातिर प्रवृत्ति के है और बंद मकानों को निशाना बनाकर ताले तोड़कर चोरी करते थे। वारदात का अनोखा तरीका पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता थे। आरोपी दिल्ली से मुंबई और मुंबई से दिल्ली तक बाइक पर सफर करते थे। रास्ते में आने वाले शहरों और गांवों में बंद मकानों की रेकी कर उनका ताला तोड़कर अंदर घुसते थे। चोरी के माल और नकदी को ये आरोपी अपने नशे और ऐशो-आराम के शौक पूरा करने में खर्च कर देते थे।