डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में वाग्दरी बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। सदर थाने के एएसआई पोपट लाल ने बताया कि छैला खेरवाड़ा निवासी अमृतलाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, उनका बेटा हेमंत डामोर अपने रिश्तेदार रूपलाल के साथ बाइक पर देवल जा रहा था। वाग्दरी गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए रॉन्ग साइड में आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में हेमंत डामोर को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। रूपलाल भी घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल रूपलाल को डूंगरपुर जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक हेमंत के शव को मोर्चरी में रखवाया गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।