डूंगरपुर में भगवान परशुराम मंदिर का पहला पाटोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन और सर्व ब्राह्मण समाज की ओर से शहर में 5100 महिलाओं ने लाल साड़ी पहनकर मंगल कलश यात्रा निकाली। शोभायात्रा के दौरान भगवान परशुराम और गंगा मैया के जयकारे गूंज उठे। विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष ललित उपाध्याय व सचिव प्रशांत चौबीसा ने बताया कि पाटोत्सव में हजारों की संख्या में विप्र समाज की महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। गेपसागर की पाल स्थित श्रीनाथ मंदिर परिसर में एकत्र होकर 5100 महिलाओं ने लाल साड़ी में पवित्र जल से भरे मंगल कलश सिर पर धारण किए। जयकारों के साथ शोभायात्रा रवाना हुई भगवान परशुरामजी के जयकारों के साथ शोभायात्रा रवाना हुई। यह यात्रा गाजे-बाजे के साथ शहर के तहसील चौराहा और कलेक्ट्री रोड होते हुए नया महादेव मंदिर परिसर पहुंची। पूरे रास्ते में भगवान परशुरामजी के जयकारे गूंजते रहे। महाआरती के बाद महाप्रसाद बांटा नया महादेव मंदिर परिसर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान परशुरामजी, महादेव और हनुमानजी के दर्शन किए। विप्र फाउंडेशन के सचिव प्रशांत चौबीसा के अनुसार, मंदिर परिसर में स्थापित हवन कुंड में आहुतियां दी गईं। शोभायात्रा के परशुराम मंदिर पहुंचने के बाद जयकारों के साथ ध्वजा परिवर्तन किया गया। इस अवसर पर विप्र समाज द्वारा भगवान की महाआरती उतारी गई, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया।