डूंगरपुर जिले में धम्बोला थाना पुलिस ने रखोड़िया गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात एक शादी के बिनौले के दौरान आपसी झगड़े के बाद हुई थी। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को भी डिटेन किया है। धम्बोला थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवल ने बताया कि यह घटना 20 अप्रैल को रखोड़िया गांव में हुई थी। मृतक की पहचान कान्ति रोत (36) निवासी रखोडिया के रूप में हुई है। पत्नी ने दी थी रिपोर्ट मृतक की पत्नी इंदिरा रोत ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंदिरा रोत गडा बाटेश्वर गांव में गई हुई थीं, और उनके पति कान्ति रोत घर पर थे। जब वह वापस लौटीं, तो उनके भतीजे तकु उर्फ तेजपाल ने उन्हें घटना की जानकारी दी। तेजपाल ने बताया कि रखोड़िया प्राथमिक स्कूल के पास गांव के ही कुछ लोगों ने कान्ति रोत के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला छानबीन के बाद पुलिस ने सुरेश पुत्र मोहन रोत निवासी रखोड़िया और कांति पुत्र शिवा भगोरा निवासी माना तलाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने आपसी लड़ाई में हत्या की वारदात कबूल की है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।