क्षेत्र में मानसून की अच्छी बारिश के बाद किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य शुरू कर दिया है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से किसान बाजरा, मूंग, ग्वार और मोठ सहित विभिन्न खरीफ फसलों का बीजारोपण कर रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में सुबह से शाम तक ट्रैक्टरों और कृषि यंत्रों की आवाजाही से खेतों में चहल-पहल बढ़ गई है। किसान ओपी विश्नोई और नरेश पंवार धमाणा ने बताया कि इस बार समय पर हुई बारिश खेती के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। खेतों में पर्याप्त नमी होने से बीजों का अंकुरण अच्छा होने की संभावना है, जिससे फसल की मजबूत शुरुआत होगी। किसान मेवाराम माली भादरूणा, जालाराम और मंगलाराम ने बताया कि यदि आगामी दिनों में भी मानसून अनुकूल रहा तो इस वर्ष खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर रहेगा। अच्छी पैदावार मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। किसानों ने आगे कहा कि समय पर बुवाई होने से फसलों की बढ़वार बेहतर होती है तथा रोगों और प्रतिकूल परिस्थितियों का प्रभाव भी अपेक्षाकृत कम रहता है। वर्तमान मौसम बाजरा, मूंग, ग्वार और मोठ जैसी खरीफ फसलों के लिए अनुकूल माना जा रहा है।