शहर में अब बिना चाबी और बिना झंझट के मोबाइल एप से ई-स्कूटी किराये पर मिल सकेगी। भरतपुर में जल्द ही एप आधारित ई-स्कूटी रेंटल सेवा शुरू होने जा रही है। इससे पर्यटक, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं और आम लोग शहर में आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। खास बात यह है कि स्कूटी की बुकिंग से लेकर उसे स्टार्ट और बंद करने तक की पूरी प्रक्रिया मोबाइल एप से होगी। अधिकारियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह बाद यह सुविधा आमजन के लिए शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल यह सेवा टेस्टिंग मोड में है। भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि इस सेवा के लिए ‘माई बाइसकिल’ नाम से मोबाइल एप तैयार किया गया है। एप अभी टेस्टिंग में है और सफल परीक्षण के बाद इसे गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध कराया जाएगा। यूजर स्टेशन पर खड़ी स्कूटी के पास लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर बुकिंग कर सकेगा। पेमेंट पूरा होते ही स्कूटी एप से ही एक्टिव हो जाएगी। यानी स्कूटी को चालू करने और उपयोग के बाद बंद करने की प्रक्रिया भी पूरी तरह डिजिटल होगी। अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में यह सुविधा मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वप्रिय शास्त्री पार्क और आरबीएम जैसे प्रमुख स्थानों पर शुरू की जाएगी। यदि शुरुआती टेस्टिंग सफल रहती है, तो आगे चलकर स्टेशन रोड बजरिया, टाउन हॉल, जिला कलेक्ट्रेट, हीरादास बस स्टैंड और बीडीए कार्यालय जैसे स्थानों पर भी स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। यूजर स्कूटी को भरतपुर नगर निगम सीमा के भीतर कहीं भी ले जा सकेगा।